48 डिग्री की तपिश का राज तलाशेंगे वैज्ञानिक, बाँदा में शुरू हुआ विशेष अध्ययन
-
By
Admin
Published - 18 June 2026 5 views
48 डिग्री की तपिश का राज तलाशेंगे वैज्ञानिक, बाँदा में शुरू हुआ विशेष अध्ययन
नेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट संध्या
बाँदा। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान से जूझ रहे बाँदा जनपद में अब 48 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान के पीछे छिपे वैज्ञानिक कारणों की खोज की जाएगी। जिलाधिकारी अमित आसेरी के अनुरोध पर शासन स्तर से छह वैज्ञानिकों की विशेषज्ञ टीम जनपद पहुँची है, जो आधुनिक तकनीकों की मदद से हीट वेव और लू के वास्तविक कारणों का विस्तृत अध्ययन करेगी।
विशेषज्ञ टीम रिमोट सेंसिंग तकनीक, उपग्रह चित्रों और वैज्ञानिक आंकड़ों के माध्यम से यह पता लगाएगी कि बाँदा में बढ़ती गर्मी केवल मौसमी प्रभाव है या फिर स्थानीय पर्यावरणीय और भौगोलिक परिस्थितियां भी इसके लिए जिम्मेदार हैं।
अध्ययन के दौरान भूमि सतह तापमान का विश्लेषण किया जाएगा और ऐसे क्षेत्रों की पहचान होगी जहाँ सबसे अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। साथ ही अत्यधिक गर्म क्षेत्रों का वैज्ञानिक मानचित्रण भी किया जाएगा।
वैज्ञानिक जनपद में हरियाली, वन क्षेत्र और वृक्षों की संख्या में हुए परिवर्तनों का आकलन करेंगे तथा यह जानने का प्रयास करेंगे कि हरित आवरण में कमी और तापमान वृद्धि के बीच कितना गहरा संबंध है।
तालाबों, नदियों, जलाशयों और भूजल स्तर की वर्तमान स्थिति का भी अध्ययन किया जाएगा। यह जांचा जाएगा कि नमी की कमी किस प्रकार तापमान में वृद्धि को प्रभावित कर रही है।
बुंदेलखंड की चट्टानी भूमि, कम आर्द्रता, खुले भूभाग तथा गर्म हवाओं की दिशा और प्रवाह का वैज्ञानिक परीक्षण कर क्षेत्रीय भौगोलिक परिस्थितियों का हीट वेव पर प्रभाव निर्धारित किया जाएगा।
इसके अलावा सड़कों, कंक्रीट संरचनाओं, निर्माण गतिविधियों और धूल प्रदूषण से उत्पन्न होने वाले हीट आइलैंड प्रभाव का भी अध्ययन होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर मानवीय गतिविधियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
अध्ययन के लिए पुराने तापमान रिकॉर्ड, मौसम संबंधी आंकड़ों और वर्तमान उपग्रह डेटा का समन्वित विश्लेषण किया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावी हीट एक्शन प्लान, व्यापक पौधरोपण अभियान, जल संरक्षण उपाय, छायादार क्षेत्रों का विकास और गर्मी से बचाव के लिए दीर्घकालिक रणनीतियां तैयार की जाएंगी।
जनपद बाँदा में स्थानीय पर्यावरणीय कारकों के फील्ड अध्ययन का कार्य 16 जून से 19 जून 2026 तक प्रस्तावित है। इस दौरान परियोजना वैज्ञानिक डॉ. हफीजुल्लाह और श्री अभिषेक गोंड जनपद में रहकर फील्ड सर्वे और वैज्ञानिक परीक्षण करेंगे। इनके सहयोग के लिए जनपद के खनन अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है।
गौरतलब है कि बाँदा में कई बार तापमान 48 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा चुका है। ऐसे में यह अध्ययन न केवल बाँदा बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए हीट वेव प्रबंधन और जलवायु अनुकूलन का एक प्रभावी मॉडल साबित हो सकता है।
सम्बंधित खबरें
-
रि-नीट परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु बैठक सम्पन्न21 जून को रि-नीट परीक्षा 06 परीक्षा केन्द्रों
-
48 डिग्री की तपिश का राज तलाशेंगे वैज्ञानिक, बाँदा में शुरू हुआ विशेष अध्ययननेशनल न्यूज 1 बांदा रिपो
-
48 डिग्री की तपिश का राज तलाशेंगे वैज्ञानिक, बाँदा में शुरू हुआ विशेष अध्ययननेशनल न्यूज 1 बांदा रिपो
-
युवा शक्ति को खेलों से नई दिशा दे रही हैं पूनम सिंह, क्रिकेट टूर्नामेंट का किया शुभारंभनेशनल न्यूज 1