विश्व एनेस्थीसिया दिवस 2026 समारोह का आयोजन
-
By
Admin
Published - 17 October 2026 16 views
विश्व एनेस्थीसिया दिवस 2026 समारोह का आयोजन
नेशनल न्यूज 1 रायबरेली रिपोर्ट माया लक्ष्मी मिश्रा
रायबरेली, 16 अक्टूबर 2026। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायबरेली के एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर विभाग द्वारा विश्व एनेस्थीसिया दिवस 2026 के अवसर पर संस्थान के ऑपरेशन थिएटर कॉम्प्लेक्स स्थित द्वितीय तल के सेमिनार हॉल में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम अपराह्न 3:00 बजे से 4:00 बजे तक आयोजित हुआ। इस वर्ष समारोह की थीम “एनेस्थीसिया में ज्ञान से नवाचार की ओर अग्रसर: सुरक्षित शल्य चिकित्सा और स्वस्थ जीवन की दिशा में” रही, जिसका उद्देश्य सुरक्षित शल्य चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवन के लिए एनेस्थीसिया के क्षेत्र में ज्ञान, नवाचार और तकनीकी प्रगति को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. अमिता जैन, कार्यकारी निदेशक, एम्स रायबरेली रहीं। इस अवसर पर अपर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार श्रीवास्तव सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में कार्यकारी निदेशक डॉ. अमिता जैन ने कहा कि एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर विभाग किसी भी आधुनिक अस्पताल का एक अत्यंत महत्वपूर्ण, व्यापक और अनिवार्य विभाग है। इसकी भूमिका केवल ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें दर्द चिकित्सा (Pain Medicine) और क्रिटिकल केयर जैसी सुपर-स्पेशियलिटी सेवाएँ भी शामिल हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एम्स रायबरेली में एनेस्थीसिया सेवाओं के साथ-साथ क्रिटिकल केयर और पेन मेडिसिन (दर्द चिकित्सा) सेवाएँ भी शुरू हो चुकी हैं। ये सेवाएँ शल्य चिकित्सा के दौरान रोगी की सुरक्षा, गंभीर रूप से बीमार मरीजों की जीवनरक्षक देखभाल तथा तीव्र और दीर्घकालिक दर्द के प्रभावी प्रबंधन में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने इन सेवाओं को संस्थान में व्यापक, समग्र और गुणवत्तापूर्ण रोगी देखभाल की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
समारोह के दौरान एनेस्थीसिया के महत्व, रोगी सुरक्षा तथा आधुनिक चिकित्सा सेवाओं में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में विश्व एनेस्थीसिया दिवस का संदेश, विभाग की उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण, एनेस्थीसिया सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार वितरण, अतिथि व्याख्यान तथा संकाय सदस्यों एवं रेजिडेंट चिकित्सकों का सम्मान किया गया। इसके अतिरिक्त एक संक्षिप्त सांस्कृतिक प्रस्तुति भी आयोजित की गई।
इस अवसर पर एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. जमील अब्दुल अलीम (एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष) के साथ विभाग के अन्य संकाय सदस्य—डॉ. काली चरण दास, डॉ. गिरिश कुमार सिंह, डॉ. अभय राज यादव, डॉ. अदाबाला विजय बाबू, डॉ. विनय पाठक, डॉ. अनिल कुमार तथा डॉ. अंकित व्यास—उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में एनेस्थीसिया विशेषज्ञों, चिकित्सकों, रेजिडेंट्स एवं स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान को रेखांकित किया गया। एनेस्थीसिया आधुनिक शल्य चिकित्सा का एक अनिवार्य अंग है, जो ऑपरेशन से पहले रोगी की तैयारी, ऑपरेशन के दौरान सुरक्षित एनेस्थीसिया एवं निगरानी, ऑपरेशन के बाद दर्द नियंत्रण तथा गंभीर परिस्थितियों में जीवनरक्षक देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं, दर्द चिकित्सा तीव्र एवं दीर्घकालिक दर्द से राहत दिलाने और रोगियों की कार्यक्षमता एवं जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।
समारोह का उद्देश्य चिकित्सा क्षेत्र में रोगी सुरक्षा, टीमवर्क, नवाचार एवं संवेदनशील रोगी देखभाल की भावना को सुदृढ़ करना तथा एनेस्थीसिया, दर्द चिकित्सा और क्रिटिकल केयर के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को प्रेरित करना रहा।
सम्बंधित खबरें
-
रायपुर महेरी में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, दुर्गा कमेटी ने निकाली भव्य शिव बारातनेशनल न्यूज 1 रा
-
रायबरेली मस्जिद के बगल मकान में पटाखा गोदाम में विस्फोट का मामलानेशनल न्यूज 1 रायबरेली रिपोर्ट माया
-
राइजिंग चाइल्ड स्कूल में धूमधाम से मना दशहरा एवं नवरात्रि उत्सवनेशनल न्यूज 1 रायबरेली रिपोर्ट माया ल
-
बांदा में दो मकानों में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार सोने-चांदी के आभूषण बरामदनेशनल न्यूज 1 बां
-
बदौसा में विसर्जन मार्ग की सुध अधिकारियों के निरीक्षण के बाद मरम्मत शुरूनेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट