सलोन में स्ट्रीट फूड के नाम पर सेहत से खिलवाड़,धूल-मिट्टी और मक्खियों का ‘तड़का’, जिम्मेदार विभाग बेखबर
-
By
Admin
Published - 14 June 2026 158 views
सलोन में स्ट्रीट फूड के नाम पर सेहत से खिलवाड़!,धूल-मिट्टी और मक्खियों का ‘तड़का’, जिम्मेदार विभाग बेखबर
नेशनल न्यूज १रायबरेली रिपोर्ट- कपिल त्रिपाठी
सलोन, रायबरेली। नगर पंचायत सलोन में इन दिनों स्ट्रीट फूड के नाम पर लोगों की सेहत के साथ खुलेआम खिलवाड़ किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं। कस्बे के प्रमुख बाजारों, चौराहों और व्यस्त मार्गों पर लगे फास्ट फूड, ब्रेड पकौड़ा, चाट और अन्य खाद्य पदार्थों के ठेलों पर स्वच्छता मानकों की अनदेखी आम बात बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की उदासीनता के चलते यह कारोबार बिना किसी रोक-टोक के फल-फूल रहा है।कस्बे में दिनभर वाहनों की आवाजाही के कारण उड़ने वाली धूल-मिट्टी सीधे खुले में रखे खाद्य पदार्थों पर जमती रहती है। वहीं मक्खियों का जमावड़ा भी इन खाद्य वस्तुओं पर आसानी से देखा जा सकता है। बावजूद इसके खाद्य सामग्री को ढकने या स्वच्छता संबंधी आवश्यक उपायों का पालन नहीं किया जा रहा है। ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करने वाले लोग अनजाने में संक्रमण और विभिन्न बीमारियों को न्योता दे रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों के कारण पेट संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। लोगों के अनुसार हाल के दिनों में अस्पतालों और निजी क्लीनिकों में पेट दर्द, उल्टी, दस्त और संक्रमण से पीड़ित मरीजों की संख्या में वृद्धि देखी जा रही है। हालांकि इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।कस्बावासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि कई दुकानों और ठेलों पर खाद्य पदार्थ तैयार करने में निम्न गुणवत्ता के तेल और मसालों का उपयोग किया जा रहा है। कुछ लोगों का दावा है कि सस्ते और घटिया तेल को ब्रांडेड कंपनियों के डिब्बों में भरकर ग्राहकों को भ्रमित किया जाता है। ग्राहक पैकेजिंग देखकर गुणवत्ता का अनुमान लगाते हैं, लेकिन वास्तविकता इससे अलग हो सकती है।खाद्य विशेषज्ञों के अनुसार बार-बार गर्म किए गए तेल और निम्न गुणवत्ता वाले मसालों का लगातार सेवन करने से पाचन तंत्र, लिवर और अन्य अंगों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता दोनों का विशेष महत्व है। क्षेत्र में लोगों ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग से कस्बे में विशेष अभियान चलाकर फास्ट फूड और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं की जांच कराने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, इस्तेमाल होने वाले तेल, पानी और स्वच्छता मानकों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग जनस्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे को कितनी गंभीरता से लेता है और सलोन कस्बे में खुलेआम उड़ रही स्वच्छता नियमों की धज्जियों पर कब तक अंकुश लग पाता है।
सम्बंधित खबरें
-
विश्व रक्तदाता दिवस पर बाँदा में सजा मानवता का महापर्वनेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट संध्याजिलाधिकारी अ
-
जनपद में प्रवक्ता (पुरुष/महिला) रा०इ०का० (प्रा०) परीक्षा-2025 शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्ननेशनल न्यूज 1
-
16 जून को आयोजित होगी मण्डलीय औद्यानिक उन्नयन उद्यान गोष्ठी नेशनल न्यूज 1 रायबरेली रिपोर्