शिक्षक दिवस पर बंद प्राथमिक विद्यालय के बाहर सपा ने लगाई चौपाल, स्कूल बंद करने के फैसले का जताया विरोध
-
By
Admin
Published - 05 September 2026 7 views
शिक्षक दिवस पर बंद प्राथमिक विद्यालय के बाहर सपा ने लगाई चौपाल, स्कूल बंद करने के फैसले का जताया विरोध
नेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट -संध्या
बाँदा। शिक्षक दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश में बंद किए गए प्राथमिक विद्यालयों के विरोध में बाँदा सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बजरंगपुरवा में बंद प्राथमिक विद्यालय के बाहर चौपाल लगाई गई। इस दौरान सपा नेताओं ने सरकार के विद्यालय बंद करने के फैसले का विरोध जताते हुए ग्रामीणों से संवाद किया।
चौपाल को संबोधित करते हुए ओम नारायण त्रिपाठी ‘विदित’ ने कहा कि शिक्षक दिवस के दिन जब शिक्षकों के सम्मान और शिक्षा के महत्व की बात की जा रही है, ऐसे समय में बंद पड़े प्राथमिक विद्यालयों का मुद्दा उठाना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा प्राथमिक विद्यालयों को बंद किया जाना गांव के गरीब, किसान, मजदूर और वंचित परिवारों के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल भवन नहीं होते, बल्कि ग्रामीण बच्चों के सपनों और भविष्य की नींव होते हैं। सरकार को विद्यालय बंद करने के बजाय उनमें पर्याप्त शिक्षक, बेहतर भवन और आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया है कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद पड़े प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा संचालित कराया जाएगा। साथ ही प्रदेश में बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी शिक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी।
ओम नारायण त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और गांव के बच्चों को अच्छी शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। समाजवादी पार्टी बच्चों के भविष्य और ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।
चौपाल के दौरान सपा नेताओं ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस मौके पर लोकसभा प्रभारी उमेश यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष इमरान अली राजू, जिला मीडिया प्रभारी एवं प्रवक्ता प्रमोद गुप्ता ‘राजा’, बाँदा विधानसभा अध्यक्ष लालमन यादव, प्रदेश सचिव पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ रामलाल प्रजापति, यूथ ब्रिगेड के पूर्व अध्यक्ष राजन चंदेल, सरताज खान, रोहित प्रजापति सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे
सम्बंधित खबरें
-
शिक्षक दिवस पर प्राथमिक विद्यालय मनोहरगंज में हुआ पौधरोपणनेशनल न्यूज 1 रायबरेली रिपोर्ट माया लक्ष्मी
-
शिक्षक सम्मान समारोह में सहायक अध्यापक शिवनाथ यादव सम्मानितनेशनल न्यूज 1 रायबरेली रिपोर्ट माया लक्ष्
-
रायबरेली फांसी के फंदे से लटकी मिली महिला इलाके में सनसनीनेशनल न्यूज 1 रायबरेली रिपोर्ट माया लक्ष्मी