डेढ़ साल से लापता मंजीत को मरका पुलिस ने परिजनों से मिलाया, परिवार में लौटी खुशियां
-
By
Admin
Published - 11 November 2026 7 views
डेढ़ साल से लापता मंजीत को मरका पुलिस ने परिजनों से मिलाया, परिवार में लौटी खुशियां
नेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट संध्या
बांदा। करीब डेढ़ साल से लापता चल रहे मंजीत शुक्ला को मरका पुलिस ने सकुशल उनके परिवार से मिलाकर मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। लंबे इंतजार के बाद परिवार के सदस्य को सामने देखकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत थाना मरका पुलिस ने यह सराहनीय पहल की। 10 नवंबर को कानून एवं शांति व्यवस्था के मद्देनजर क्षेत्र में भ्रमण कर रही पुलिस टीम को एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति भटकता हुआ मिला। वह अपना नाम-पता बताने में असमर्थ था। पुलिस टीम उसे थाने लेकर आई और धैर्यपूर्वक बातचीत कर उसकी पहचान जानने का प्रयास किया।
थानाध्यक्ष सूबेदार बिंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने काफी प्रयासों के बाद व्यक्ति से उसका नाम मंजीत और पता बेनी माधव मंदिर, दारागंज, प्रयागराज जाना। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल के माध्यम से उसकी फोटो भेजकर आसपास के लोगों और संभावित परिजनों से संपर्क किया। फोटो देखते ही परिजनों ने उसकी पहचान मंजीत शुक्ला के रूप में की।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मंजीत पिछले करीब डेढ़ साल से लापता था और उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने पर परिजन थाना मरका पहुंचे। 11 नवंबर को आवश्यक सत्यापन और नियमानुसार कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने मंजीत शुक्ला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
डेढ़ साल बाद अपने बिछड़े सदस्य को सामने देखकर परिजन भावुक हो उठे। उन्होंने मरका पुलिस की तत्परता और मानवीय प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि ऑपरेशन मुस्कान केवल गुमशुदा लोगों की तलाश ही नहीं, बल्कि बिछड़े परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटाने का भी अभियान है।
सम्बंधित खबरें
-
डेढ़ साल से लापता मंजीत को मरका पुलिस ने परिजनों से मिलाया, परिवार में लौटी खुशियांनेशनल न्यूज 1 बां
-
15 लाभार्थियों को मिली आवास निर्माण की सौगात पांच-पांच लाख रुपये के डेमो चेक वितरितनेशनल न्यूज 1 बां
-
प्रीमियर लीग अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट में दिखेगा युवा खिलाड़ियों का दमनेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट
-
दूरबीन विधि से हुई जटिल रेक्टोपेक्सी सर्जरी, 61 वर्षीय मरीज को मिली राहतनेशनल न्यूज 1 रायबरेली रिपोर