मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आयुक्त ने दिए कड़े निर्देश, हादसे रोकने पर जोर
-
By
Admin
Published - 06 October 2026 5 views
मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आयुक्त ने दिए कड़े निर्देश, हादसे रोकने पर जोर
नेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट संध्या
बांदा। मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सोमवार को आयुक्त कार्यालय सभागार में आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल, बांदा अजीत कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मंडल के चारों जनपदों में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, मृतकों व घायलों की संख्या, प्रवर्तन कार्रवाई तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए हेलमेट, सीट बेल्ट, मोबाइल के प्रयोग, ड्रिंक एंड ड्राइव और ओवरस्पीडिंग के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही सभी जनपदों में जिला सड़क सुरक्षा समिति की नियमित बैठकें आयोजित कर कार्ययोजना के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने हमीरपुर, महोबा, बांदा तथा तिंदवारी-फतेहपुर मार्ग समेत अन्य मार्गों पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट के सुधारात्मक कार्य बरसात समाप्त होने का लाभ उठाकर निर्धारित समय से पहले पूरा कराने के निर्देश दिए। मंडल के चारों जनपदों में ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक सुधार शीघ्र कराने को भी कहा गया।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सीसीटीवी, स्पीड कैमरा, रेस्ट एरिया, जर्क/रिफ्लेक्टर टेप और सूचना संकेतकों से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। जीरो फैटलिटी जिला के तहत किए जा रहे कार्यों और दुर्घटनाओं में कमी लाने के उपायों पर भी चर्चा हुई।
आयुक्त ने परिवहन निगम के चालकों का नियमित स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण कराने तथा उनकी फिटनेस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्यालयों में विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति गठित करने, स्कूली वाहनों में अनिवार्य अटेंडेंट की व्यवस्था करने तथा बालिकाओं के परिवहन के दौरान महिला अटेंडेंट की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। स्कूल वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य कराने और नियमों का पालन न करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
फिटनेस समाप्त वाहनों के खिलाफ जांच और कार्रवाई तेज करने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस समेत सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए। ऐसी एंबुलेंस जिनका फिटनेस समाप्त है और वे मरीजों के परिवहन में इस्तेमाल हो रही हैं, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के लिए आरटीओ को निर्देशित किया गया।
आयुक्त ने आपातकालीन चिकित्सा सुविधा के तहत एंबुलेंस का दुर्घटना स्थल तक अधिकतम 15 मिनट में पहुंचने का रिस्पांस टाइम सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मंडल के सभी चिकित्सालयों का निरीक्षण कर कमियों को दूर कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में गुड सेमेरिटन योजना, ओवरलोड माल वाहनों, धुंधली या अमान्य नंबर प्लेट, बिना HSRP नंबर प्लेट वाले वाहनों तथा अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। मार्गों और विद्यालयों के आसपास यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मार्गों पर न्यूनतम 500 वर्गमीटर के होल्डिंग एरिया की व्यवस्था करने तथा वहां पानी, शौचालय और पुलिस पिकेट जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। हिट एंड रन योजना का प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश भी दिए गए।
आयुक्त अजीत कुमार ने स्पष्ट किया कि नियमों के विरुद्ध कोई भी बस या वाहन संचालित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए केवल प्रवर्तन कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि सड़क की तकनीकी कमियों का सुधार, वाहनों की फिटनेस, चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण, विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा, जनजागरूकता और त्वरित चिकित्सा सहायता पर एक साथ प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य कर सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के निर्देश दिए।
सम्बंधित खबरें
-
मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में आयुक्त ने दिए कड़े निर्देश, हादसे रोकने पर जोरनेशनल न्यूज 1 बा
-
तिंदवारी में सड़क हादसा बाइक सवार युवक की मौत, मां गंभीर रूप से घायलनेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट संध्
-
तालाब में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंपनेशनल न्यूज १रायबरेली रिपोर्ट- कपिल त्रिपाठीसलोन/रायबरेली। म
-
पेट्रोल पंप के पास चाय की गुमटी में लगी भीषण आग सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरीनेशनल न्यूज 1 बांदा रिप