कृषि विश्वविद्यालय ने 100 से अधिक टीबी मरीजों को लिया गोद
-
By
Admin
Published - 17 September 2026 4 views
कृषि विश्वविद्यालय ने 100 से अधिक टीबी मरीजों को लिया गोद
नेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट संध्या
पोषण पोटली वितरण के साथ टीबी उन्मूलन का संकल्प, बालिकाओं के लिए HPV टीकाकरण कार्यक्रम भी आयोजित
बांदा। बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (बीयूएटी) में टीबी मुक्त अभियान 2026 के अंतर्गत क्षय रोगियों को गोद लेने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन कृषि महाविद्यालय के बहुद्देशीय हॉल में किया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों ने टीबी मरीजों के उपचार काल में पोषण एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डॉ.) एसके सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जिला क्षय रोग विभाग की टीम की उपस्थिति में हुआ। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अजीत सिंह ने स्वागत भाषण दिया। इसके बाद विश्वविद्यालय चिकित्सा इकाई के कार्यक्रम समन्वयक-प्रभारी डॉ. देवकुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं रूपरेखा की जानकारी दी।
टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित
कार्यक्रम में जिला क्षय रोग कार्यक्रम समन्वयक प्रदीप कुमार ने टीबी के लक्षण, जांच, नियमित उपचार तथा रोगियों के लिए पोषण और सामाजिक सहयोग के महत्व पर जानकारी दी। कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. जीएस पवार ने भी अपने विचार रखे।
मुख्य अतिथि कुलसचिव प्रो. (डॉ.) एसके सिंह ने कहा कि बीमारी से लड़ाई केवल चिकित्सा तक सीमित नहीं होती, बल्कि मरीजों को सामाजिक एवं भावनात्मक सहयोग देना भी जरूरी है। उन्होंने टीबी रोगियों के प्रति संवेदनशील एवं सहयोगात्मक दृष्टिकोण अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों द्वारा गोद लिए गए क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। विश्वविद्यालय की ओर से 100 से अधिक टीबी मरीजों को गोद लेने की पहल की गई। इस दौरान रोगियों को उपचार अवधि में आवश्यक सहयोग देने तथा समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
बालिकाओं के लिए HPV टीकाकरण
इसी कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ह्यूमन पैपिलोमावायरस (HPV) टीकाकरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। जनपद बांदा की 15 वर्ष से कम उम्र की बालिकाओं का HPV टीकाकरण किया गया।
कार्यक्रम का समन्वय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बांदा के कार्यालय के सहयोग से किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजन की जिम्मेदारी अधिष्ठाता छात्र कल्याण कार्यालय ने निभाई। इस दौरान HPV संक्रमण, उसके संभावित स्वास्थ्य प्रभावों तथा टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. हंसमीत कौर, सहायक प्राध्यापक ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. यश गौतम, सहायक प्राध्यापक द्वारा किया गया। कार्यक्रम बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय तथा जिला क्षय रोग कार्यालय के सहयोग से सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंत में टीबी उन्मूलन एवं HPV से बचाव को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया गया।
सम्बंधित खबरें
-
सपा कार्यालय में धूमधाम से मनाई गई भगवान विश्वकर्मा जयंतीनेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट संध्यानेताओं और
-
51 दीपों के साथ मनाया पीएम मोदी का जन्मदिननेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट संध्याकंचन पुरवा में वरिष्ठ भा
-
FDDI फुरसतगंज कैंपस में भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना हर्षोल्लास के साथ संपन्ननेशनल न्यूज 1 रायबरे
-
पीएम मोदी के जन्मदिवस पर बांदा में गूंजा आशीर्वाद का दीयानेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट संध्यामहाराणा प
-
कृषि विश्वविद्यालय ने 100 से अधिक टीबी मरीजों को लिया गोदनेशनल न्यूज 1 बांदा रिपोर्ट संध्यापोषण पोटल